बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा रेस्क्यू किया गया नर बाघ


उमरिया - कटनी की झिरिया रोपनी में 1 मादा बाघ की 4 संतानों में से एक शावक वर्ष 2018 में कुएं में गिर कर घायल हो गया था जिसे रेस्क्यू कर मुकुंदपुर ले जाया गया। शेष 3 शावकों में से वयस्क हो रहा उक्त नर बाघ अपनी मां से अलग होकर नई टेरिटरी की तलाश में घूम रहा था। इस क्रम में यह कटनी से 12 कि मी तक सरस्वाही पहुंच गया। दुर्घटनावश इसने एक ग्रामीण महिला को मार दिया और 2 व्यक्तियों को घायल कर दिया। इसके पश्चात इसे मानव बस्तियों के आसपास ही प्राय: देखा जाने लगा। मानव बाघ द्वंद की संभावनाओं के कारण इसे रेस्क्यू करने का निर्णय लिया गया। दिनांक  6 मार्च को मुख्य वन्य प्राणी अभिरक्षक द्वारा इसके रेस्क्यू हेतु पत्र जारी किया गया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए रेस्क्यू दल गठित किया और 4 हाथियों के साथ अधिकारियोंध्कर्मचारियों का दल तत्काल सरसवाही हेतु रवाना किया। 7 मार्च को सुबह से बाघ की सघन तलाश जारी हुई। दोपहर क्षेत्र संचालक बांधवगढ़ विंसेंट रहीम ने स्वयं मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। लगभग 4.15 बजे बाघ को ढूंढ लिया गया और तत्काल प्रभारी सहायक वन्य जीव चिकित्सक डॉ अभय सेंगर द्वारा वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन ट्रस्ट के पशु चिकित्सक डॉ हिमांशु के साथ हाथी पर जाकर बाघ को सफलतापूर्वक कंतज किया तथा टी पी एफ की टीम द्वारा बाघ को स्ट्रेचर पर लादकर रेस्क्यू पिंजरे में डाल दिया गया। सम्पूर्ण कार्यवाही डेढ़ घंटे में व्य वस्थित  और व्यावसायिक दक्षता के साथ पूर्ण की गई। बाघ को संजय टाइगर रिजर्व हेतु रवाना किया गया। रेस्क्यू किए नर बाघ की आयु लगभग 2-2.5 वर्ष की है एवम् वजन 130 कि हैं। बाघ पूर्णत: स्वस्थ है। फिलहाल इसे संजय टाइगर रिजर्व में बाड़े में रखा जाएगा एवम् इसके व्यवहार का अध्ययन करने के उपरांत विशेषज्ञों की सलाह से आगे निर्णय लिया जाएगा। रेस्क्यू की कार्यवाही में क्षेत्र संचालक बांधवगढ़ विंसेंट रहीम के अतिरिक्त उप संचालक सिद्धार्थ गुप्ता, वनमण्डल अधिकारी कटनी श्री राजेश राय, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक अनिल शुक्ला, अंकित पांडे, कटनी के उपवनमंडल अधिकारी बघेल, परिक्षेत्र अधिकारी धमोखर विजय श्रीवास्तव, परिक्षेत्र अधिकारी शैलेन्द्र तिवारी, बाजवा, पशु चिकित्सक श्री विनय पांडे तथा बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व और कटनी वनमण्डल के कर्मचारी सम्मिलित हुए।