बांधवगढ टाईगर रिजर्व में पर्यटकों के भ्रमण हेतु एसडीएम मानपुर द्वारा जारी किए गए दिशा निर्देश


उमरिया - बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व पर्यटकों के भ्रमण हेतु 15 जून से खोल दिया गया है। कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु एसडीएम मानपुर सिद्धार्थ पटेल द्वारा पर्यटको के भ्रमण के लिए दिशा निर्देशा जारी किए गए है। आपने बताया कि वर्तमान में कोविड-19 महामारी को देखते हुए उमरिया जिले में धारा 144 लागू है जिसके परिप्रेक्ष्य में ं पर्यटकों के आवागमन, भ्रमण एवं विश्राम हेतु शर्तो का पालन करना अनिवार्य होगा। जारी दिशा निर्देश में कहा गया है कि कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी दिशा निर्देश का कड़ाई से पालन करना होगा।  खंड चिकित्सा अधिकारी द्वारा पर्यटकों की स्क्रीनिंग हेतु निर्धारित स्थानों पर व्यवस्था की गयी है। वन विभाग के कर्मचारियों, पर्यटकों को विश्राम गृह, रिसॉर्ट, होटल आदि में प्रवेश से पहले स्क्रीनिंग कराना अनिवार्य होगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ताला से प्रमाण पत्र प्राप्त करने के उपरांत ही चेक इन की अनुमति होगी। पर्यटन गतिविधि से सम्बंधित लोगों को मास्क का प्रयोग एवं संक्रमण से बचने हेतु सामाजिक दूरी एवं अन्य आवश्यक प्रोटकॉल का पालन करना अनिवार्य होगा। विश्राम स्थल पर भोजन व्यवस्था केवल विश्राम कक्ष में की जाएगी। यथासंभव डाइनिंग हाल में भोजन करने से बचा जाए ।  विश्राम स्थल पर कक्षों को विधिवत सेनेटाइज किया जाएगा। एक बार चेक आउट करने पर बेडशीट,टोबल अनिवार्य रूप से बदले जाएंगे। रजाई या कम्बल के स्थान पर केवल धुले जाने योग्य चादर उपयोग किए जाएंगे। विश्राम-स्थल पर केयर टेकर निश्चित कक्षों में अपनी सेवाएं देंगे एवं अनावश्यक रूप से एक से अधिक आगंतुकों के कक्ष में जाने पर पाबंदी होगी। रिसार्ट प्रबंधन प्रतिदिन पर्यटकों की जानकारी तहसीलदार मानपुर को उपलब्ध कराएंगे।